लोहरदगा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के छत्तीसगढ़ प्रभारी एवं लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत ने गुरुवार को बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले का एक दिवसीय दौरा किया। दौरे की शुरुआत उन्होंने बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के दर्शन और पूजा-अर्चना से की। उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा कर छत्तीसगढ़ की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस दौरान छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
लोकतंत्र बचाओ-देश बचाओ कार्यक्रम में हुए शामिल
मां दंतेश्वरी के दर्शन के बाद सुखदेव भगत दंतेवाड़ा जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ-देश बचाओ काला दिवस’ कार्यक्रम में शामिल हुए। जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता काली पट्टी लगाकर पहुंचे।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सुखदेव भगत ने केंद्र सरकार पर राजनीतिक आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है और आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन से जुड़े अधिकारों पर दबाव बढ़ रहा है।
उन्होंने बोधघाट/बंदघाट परियोजना और बस्तर में बाढ़ राहत को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।
बूथ स्तर तक अभियान पहुंचाने का आह्वान
सुखदेव भगत ने कहा कि कांग्रेस का संकल्प वोट और संविधान की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी का संघर्ष सड़क से लेकर संसद तक जारी रहेगा। उन्होंने दंतेवाड़ा के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संगठन की ताकत बताते हुए 2028 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान किया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संविधान बचाओ अभियान को मजबूत करने और इसे घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष, विभिन्न ब्लॉक अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



