रांची: झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों में 9 और 10 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को मौसम खराब होने के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
सरैयाहाट में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड में सबसे अधिक बारिश दुमका जिले के सरैयाहाट में 74.6 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
इस अवधि में राज्य का सबसे अधिक तापमान पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में 35.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 15.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बारिश के बाद बढ़ी ठंड
पिछले दिनों लगातार हुई बारिश का असर तापमान पर भी दिखाई दे रहा है। राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में सुबह और शाम के समय मौसम में ठंडक महसूस होने लगी है।
गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह मौसम मुख्य रूप से साफ रहा। हालांकि दोपहर के बाद बीच-बीच में आंशिक रूप से बादल छाए रहे।
रांची में 28.6 डिग्री रहा अधिकतम तापमान
गुरुवार को राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री और न्यूनतम 18.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32.1 और न्यूनतम 23 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 32.6 और न्यूनतम 21.5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 32.1 और न्यूनतम 20.2 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 31.6 और न्यूनतम 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
9-10 अक्टूबर को सतर्क रहने की जरूरत
मौसम विभाग के येलो अलर्ट के दौरान बारिश और वज्रपात की स्थिति में खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी जाती है। तेज हवा के दौरान पेड़, बिजली के खंभे और कमजोर संरचनाओं के आसपास भी सावधानी बरतना जरूरी है।



