रांची में स्वर्णिम भारत एक्सपो का आगाज, राज्यपाल बोले- विज्ञान और तकनीक से देश को मिल रही नई दिशा

Ranchi News: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि भारत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, आधारभूत संरचना और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। आधुनिक तकनीक, नवाचार और युवाओं की प्रतिभा देश को विकास की नई ऊंचाइयों

Ranchi News: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि भारत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, आधारभूत संरचना और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। आधुनिक तकनीक, नवाचार और युवाओं की प्रतिभा देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

राज्यपाल गुरुवार को रांची क्लब में आयोजित तीन दिवसीय ‘स्वर्णिम भारत एक्सपो 2026’ के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। यह एक्सपो 22 से 24 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, वैज्ञानिक उपलब्धियों और देश की विकास यात्रा की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना है।

युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि उनका ज्ञान, कौशल और रचनात्मकता देश की प्रगति को नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और शिक्षा, खेल, कौशल विकास तथा रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।

उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए विकास प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएगा। उन्होंने लोगों से अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी, परिश्रम और उत्कृष्टता के साथ योगदान देने की अपील की।

सरकारी योजनाओं और रोजगार के अवसरों की मिलेगी जानकारी

राज्यपाल ने झारखंड के सुदूरवर्ती गांवों के अपने भ्रमण का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक होने तथा उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया है।

उन्होंने विश्वास जताया कि स्वर्णिम भारत एक्सपो नागरिकों को सरकारी योजनाओं, आधुनिक तकनीक, रोजगार और कौशल विकास से जुड़े अवसरों की जानकारी देने में उपयोगी साबित होगा। ऐसे आयोजन लोगों को नई संभावनाओं से परिचित कराने के साथ विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी मददगार होते हैं।

झारखंड में विकास की व्यापक संभावनाएं

राज्यपाल ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक संसाधनों, समृद्ध जनजातीय विरासत, कला-संस्कृति और प्रतिभाशाली युवाओं से संपन्न राज्य है। यहां विकास की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। आधुनिक ज्ञान, तकनीक, कौशल और उद्यमिता को इन क्षमताओं से जोड़कर राज्य की प्रगति को नई गति दी जा सकती है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि स्वर्णिम भारत एक्सपो नागरिकों को विकास के नए अवसरों से परिचित कराने और जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने में सार्थक भूमिका निभाएगा।

‘मेक इन इंडिया’ से विकसित भारत 2047 तक का संदेश

स्वर्णिम भारत एक्सपो का उद्देश्य ‘मेक इन इंडिया’ से लेकर ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है। प्रदर्शनी में देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों, आधुनिक तकनीक, नवाचार, स्वदेशी उत्पादन और आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को सामने लाने पर जोर दिया जा रहा है।

तीन दिनों तक चलने वाली इस राष्ट्रीय प्रदर्शनी के माध्यम से आम नागरिकों को केंद्र सरकार की योजनाओं और देश की विकास संबंधी उपलब्धियों को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। रांची में आयोजित इस एक्सपो को आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़कर देखा जा रहा है।

कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

उद्घाटन समारोह में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, विधायक सीपी सिंह और रांची की मेयर रौशनी खलखो सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.