गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारे पहुंचे राज्यपाल, संजय सेठ और सीपी सिंह, नशामुक्त भारत का लिया संकल्प

मेन रोड गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में श्रद्धा के साथ मना प्रकाश पर्व, केंद्रीय मंत्री ने युवाओं को नशे से बचाने और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की सफलता के लिए मांगा गुरु का आशीर्वाद रांची। सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी

मेन रोड गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में श्रद्धा के साथ मना प्रकाश पर्व, केंद्रीय मंत्री ने युवाओं को नशे से बचाने और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की सफलता के लिए मांगा गुरु का आशीर्वाद

रांची। सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर मंगलवार को राजधानी रांची के मेन रोड स्थित गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में श्रद्धा और उल्लास का माहौल रहा। इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रांची के विधायक सीपी सिंह गुरुद्वारा पहुंचे। तीनों ने मत्था टेककर गुरु नानक देव जी का आशीर्वाद लिया और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

युवाओं को नशे से बचाना समाज की बड़ी जिम्मेदारी : संजय सेठ

केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने कहा कि वे गुरु के दरबार में देश के युवाओं को नशे से दूर रखने और भारत को नशामुक्त बनाने का आशीर्वाद मांगने आए हैं। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें नशे की गिरफ्त से बचाना पूरे समाज की जिम्मेदारी है।

उन्होंने टीबी मुक्त भारत और वैश्विक स्तर पर टीबी उन्मूलन के लक्ष्य का भी उल्लेख किया। संजय सेठ ने कहा कि वर्ष 2030 तक दुनिया को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने गुरु से प्रार्थना की कि यह लक्ष्य निर्धारित समय से पहले हासिल हो। साथ ही वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प की सफलता के लिए भी आशीर्वाद मांगा।

मानवता, समानता और भाईचारे का संदेश देते हैं गुरु नानक देव

गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा, मेन रोड के विक्रम सिंह ने प्रकाश पर्व पर देश और झारखंडवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने पूरी दुनिया को मानवता, समानता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। उनकी शिक्षा है कि संपूर्ण मानव जाति एक है। किसी व्यक्ति की पहचान उसके धर्म या जाति से नहीं, बल्कि उसके इंसानियत भरे व्यवहार से होनी चाहिए।

उन्होंने समाज को बांटने वाली सोच से दूर रहने और सभी धर्मों एवं समुदायों के लोगों का सम्मान करने की अपील की।

‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’ की सीख अपनाने की अपील

विक्रम सिंह ने गुरु नानक देव जी की तीन प्रमुख शिक्षाओं—‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका अर्थ है ईमानदारी से मेहनत करना, परमात्मा का स्मरण करना और अपनी कमाई में से जरूरतमंदों के साथ बांटकर खाना।

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, अच्छे संस्कार अपनाने और बड़ों का सम्मान करने की अपील की। साथ ही समाज में प्रेम, सेवा और भाईचारे की भावना मजबूत करने का संदेश दिया।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.