मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में खिलाड़ियों और कोच से की मुलाकात, बोले- अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन से बढ़ा राज्य का मान-सम्मान
रांची। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में भारतीय टीम की 2-1 से जीत के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड के लॉन बॉल्स खिलाड़ियों और कोच से मुलाकात की। मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने टीम की जीत और झारखंड के खिलाड़ियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
16 से 18 नवंबर 2026 तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 2-1 से हराया। इस उपलब्धि में झारखंड के खिलाड़ियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पूरे झारखंड के लिए गर्व और गौरव का विषय है कि राज्य के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया है। उनकी उपलब्धि से राज्य का मान-सम्मान बढ़ा है।
खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राज्य सरकार झारखंड में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और झारखंड का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर झारखंड की लॉन बॉल्स खिलाड़ी रेशमा कुमारी, सुनील बहादुर और दिनेश कुमार के साथ कोच मधुकांत पाठक मौजूद थे।



