रांची-दिल्ली का हवाई टिकट 31 हजार रुपये! कीमत देख हैरान हुए इरफान अंसारी, पीएम मोदी से किराया नियंत्रित करने की मांग

बीमार पति से मिलने के लिए परेशान महिला की मार्मिक कहानी प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में की साझा, मेडिकल इमरजेंसी में रियायती टिकट और हवाई किराये की अधिकतम सीमा तय करने का आग्रह रांची। हवाई टिकटों की आसमान छूती कीमतों ने आम लोगों की मुश्किलें

बीमार पति से मिलने के लिए परेशान महिला की मार्मिक कहानी प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में की साझा, मेडिकल इमरजेंसी में रियायती टिकट और हवाई किराये की अधिकतम सीमा तय करने का आग्रह

रांची। हवाई टिकटों की आसमान छूती कीमतों ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खासकर बीमारी या पारिवारिक आपात स्थिति में अचानक यात्रा करने वालों के सामने महंगे किराये की चुनौती खड़ी हो जाती है। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने हवाई किराये पर नियंत्रण के लिए प्रभावी नीति बनाने और मेडिकल इमरजेंसी में यात्रियों को राहत देने की मांग की है।

स्वास्थ्य मंत्री ने अपनी अपील के समर्थन में रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सामने आई एक मार्मिक घटना का भी जिक्र किया है। उनके मुताबिक, झारखंड कैबिनेट की ओर से नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उन्हें अचानक दिल्ली जाना पड़ा। इस दौरान रांची से दिल्ली का एक तरफ का हवाई किराया करीब 31 हजार रुपये बताया गया। इतनी अधिक कीमत देखकर वह भी हैरान रह गए।

डॉ. अंसारी ने सवाल उठाया कि जब एक मंत्री के लिए भी यह किराया चौंकाने वाला है, तो सीमित आमदनी वाले आम परिवारों के लिए इतनी बड़ी रकम जुटाना कितना मुश्किल होगा। उन्होंने कहा कि उनकी यात्रा का खर्च सरकार वहन कर सकती है, लेकिन आम आदमी के लिए अचानक इतनी बड़ी राशि खर्च करना आसान नहीं है।

बीमार पति से मिलने के लिए टिकट को लेकर रो रही थी महिला

डॉ. इरफान अंसारी ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में रांची एयरपोर्ट पर मिली एक महिला का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि महिला हवाई टिकट की कीमत देखकर रो रही थी। बातचीत में पता चला कि उसका पति चंडीगढ़ में किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहा है और उसकी हालत नाजुक है। पति की इच्छा थी कि वह अंतिम समय में एक बार अपनी पत्नी को देख सके, लेकिन महंगे हवाई टिकट के कारण महिला के लिए वहां पहुंचना मुश्किल हो रहा था।

मंत्री के अनुसार, महिला की परेशानी जानने के बाद उन्होंने अपनी ओर से मदद की और अन्य लोगों के सहयोग से उसके टिकट की व्यवस्था कराई। इससे वह अपने बीमार पति के पास पहुंच सकी। इस घटना ने उन्हें सोचने पर मजबूर किया कि यदि समय पर आर्थिक मदद नहीं मिलती, तो क्या वह महिला अपने पति की अंतिम इच्छा पूरी कर पाती?

प्रधानमंत्री से की चार प्रमुख मांगें

स्वास्थ्य मंत्री ने प्रधानमंत्री से नागरिक उड्डयन मंत्रालय को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया है। उन्होंने हवाई किराये के मामले में चार प्रमुख मांगें रखी हैं—

  • हवाई किराये की अधिकतम सीमा तय की जाए।
  • एयरलाइंस की ओर से अचानक और मनमाने तरीके से किराया बढ़ाने पर नियंत्रण लगाया जाए।
  • मेडिकल इमरजेंसी में मरीजों और उनके परिजनों को रियायती टिकट उपलब्ध कराए जाएं।
  • किराया निर्धारण की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।

इसके साथ ही उन्होंने नियमों का उल्लंघन करने वाली एयरलाइंस के खिलाफ सख्त कार्रवाई की व्यवस्था बनाने की मांग भी की है।

बोले- हर एयरपोर्ट पर मददगार नहीं मिलेगा

डॉ. अंसारी ने कहा कि जिस महिला की मदद वह कर सके, ऐसी परिस्थितियों में फंसे देश के हर नागरिक को किसी जनप्रतिनिधि या मददगार के मिलने की गारंटी नहीं है। बीमारी, दुर्घटना और दूसरी आपात स्थितियों में परिवारों को अक्सर बिना पूर्व योजना के यात्रा करनी पड़ती है। ऐसे समय में न तो पहले से टिकट बुक करने का अवसर मिलता है और न ही कई गुना अधिक किराया चुकाने की क्षमता होती है।

राजनीतिक नहीं, मानवीय मुद्दा है हवाई किराये का सवाल

कांग्रेस नेता और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने अपने पत्र में स्पष्ट किया कि उनकी अपील को राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री से किसी राजनीतिक दल के प्रतिनिधि के रूप में नहीं, बल्कि एक जनसेवक और इंसान के तौर पर आग्रह कर रहे हैं। उनका उद्देश्य यह है कि आपात स्थिति में किसी परिवार को महंगे हवाई टिकट के कारण अपने परिजन तक पहुंचने से वंचित न होना पड़े।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.