26 से 30 नवंबर तक खेलगांव के गणपत राय इंडोर स्टेडियम में होंगे मुकाबले, झारखंडी परंपरा से हो रहा खिलाड़ियों का स्वागत
रांची। झारखंड में 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 2026-27 के तहत आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्कूली ताइक्वांडो प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए विभिन्न राज्यों की टीमों का आगमन शुरू हो गया है। मंगलवार अहले सुबह दिल्ली, गोवा, गुजरात और उत्तराखंड की टीमें रांची पहुंचीं। इसके साथ ही खिलाड़ियों के स्वागत का सिलसिला भी शुरू हो गया।

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की मेजबानी में आयोजित इस प्रतियोगिता के लिए रांची और हटिया रेलवे स्टेशन पर विशेष स्वागत व्यवस्था की गई है। ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना के अनुरूप खिलाड़ियों, कोच और टीम मैनेजर का स्वागत झारखंड की समृद्ध लोक-संस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया जा रहा है।
तिलक लगाकर और पारंपरिक तरीके से हो रहा स्वागत
राज्य में पहुंचने वाले खिलाड़ियों का तिलक लगाकर, लोटा-पानी से परघना की पारंपरिक रस्म निभाकर तथा झारखंडी पारंपरिक ‘पढ़िया’ के माध्यम से अभिनंदन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य दूसरे राज्यों से आने वाले प्रतिभागियों को झारखंड की सांस्कृतिक पहचान से परिचित कराना और उन्हें अपनत्व का एहसास कराना है। परिषद की ओर से खिलाड़ियों के आवागमन और जरूरी सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है।
26 नवंबर से शुरू होंगे मुकाबले
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रीय स्कूली ताइक्वांडो प्रतियोगिता 26 से 30 नवंबर तक खेलगांव स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के गणपत राय इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगी। प्रतियोगिता में अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
आठ खेल विधाओं की मेजबानी कर रहा झारखंड
उल्लेखनीय है कि स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने सत्र 2026-27 में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद को आठ खेल विधाओं में 70वीं राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी की जिम्मेदारी सौंपी है। इन आयोजनों में देश के विभिन्न राज्यों और खेल इकाइयों के हजारों खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
झारखंड इस आयोजन को खेल प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत, परंपरा और विशिष्ट मेहमाननवाजी को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने के अवसर के रूप में देख रहा है।



