सावन की अंतिम सोमवारी पर देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। अब तक 52 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक कर चुके हैं…
सावन की अंतिम सोमवारी पर देवघर-बासुकीनाथ में उमड़ा आस्था का सैलाब, 52 लाख पार पहुंचा श्रद्धालुओं का आंकड़ा
देवघर/दुमका, 24 अगस्त। सावन की अंतिम सोमवारी पर झारखंड के प्रसिद्ध शिवधाम देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर और दुमका के बाबा बासुकीनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही दोनों धामों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए झारखंड के अलावा बिहार सहित कई राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
बाबा बैद्यनाथ धाम में बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रशासन की ओर से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है।
सुबह 4:30 बजे खुला बाबा बैद्यनाथ मंदिर का पट
अंतिम सोमवारी के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ मंदिर का पट सुबह 4:30 बजे खोला गया। पट खुलते ही श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर बाबा के शिवलिंग पर जलार्पण शुरू किया। मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है।
बाबा बैद्यनाथ मंदिर के सरदार पंडा गुलाब नंद झा ने कहा कि सावन का महीना भगवान भोलेनाथ की आराधना के लिए विशेष माना जाता है। सावन की सोमवारी पर बाबा को जल और बेलपत्र अर्पित करने की धार्मिक परंपरा है। इसी आस्था के कारण अंतिम सोमवारी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवघर पहुंचे हैं।
पिछली सोमवारी से ज्यादा श्रद्धालुओं की भीड़
देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि पिछली सोमवारी की तुलना में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या अधिक है। प्रशासन की ओर से महत्वपूर्ण स्थानों पर लगातार निगरानी की जा रही है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के अनुसार, रात से ही पुलिसकर्मी और अधिकारी श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से मंदिर में प्रवेश कराने में जुटे हैं। सुरक्षा के साथ-साथ भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
डीजीपी तदाशा मिश्रा ने किया बाबा बैद्यनाथ का दर्शन
सावन की अंतिम सोमवारी पर झारखंड की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा भी देवघर पहुंचीं। उन्होंने बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना की और मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
बासुकीनाथ धाम में भी उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
दुमका के प्रसिद्ध बाबा बासुकीनाथ धाम में भी अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बोल बम कांवरियों के साथ बड़ी संख्या में डाकबम श्रद्धालु भी बाबा के जलाभिषेक के लिए पहुंचे।
बासुकीनाथ मंदिर का पट सुबह 3 बजे खोला गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से मंदिर में प्रवेश कराया गया और अरघा के माध्यम से जलाभिषेक कराया गया।
भागलपुर के बरारी घाट से गंगाजल लेकर हंसडीहा के रास्ते पहुंचने वाले डाकबम श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई। उन्हें टोकन के माध्यम से पेड़ा गली द्वार से मंदिर में प्रवेश कराया जा रहा है।
ड्रोन और सीसीटीवी से मेला क्षेत्र की निगरानी
बासुकीनाथ में संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। मंदिर के प्रवेश और निकास द्वार के साथ मेला क्षेत्र के महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से भी पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई।
52 लाख से ज्यादा श्रद्धालु कर चुके जलाभिषेक
जिला प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, सावन के दौरान अब तक बाबा बैद्यनाथ धाम में 52 लाख से अधिक श्रद्धालु जलाभिषेक कर चुके हैं। अंतिम सोमवारी पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से देवघर और बासुकीनाथ का पूरा क्षेत्र ‘बोल बम’ के जयकारों से गूंजता रहा।


