Ranchi News: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के तीन दिवसीय झारखंड दौरे को लेकर पार्टी की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में स्वागत और 24 अक्टूबर की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों पर चर्चा हुई।
रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित झारखंड दौरे को लेकर पार्टी की गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में शुक्रवार को रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू कर रहे हैं।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के झारखंड आगमन और उनके स्वागत की तैयारियों के साथ-साथ शनिवार, 24 अक्टूबर को होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की जा रही है।
प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारी बैठक में मौजूद
प्रदेश कार्यालय में चल रही बैठक में झारखंड भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद हैं। इनमें झारखंड प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, सह-प्रभारी निवेदिता सिंह, राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा, राष्ट्रीय सह-महामंत्री (संगठन) सौदान सिंह और झारखंड के संगठन मंत्री पवन साय प्रमुख रूप से शामिल हैं।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम को लेकर संगठनात्मक तैयारियों, स्वागत कार्यक्रम और प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।
तीन दिवसीय दौरे पर आज रांची पहुंचेंगे नितिन नवीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शुक्रवार देर शाम अपने तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर रांची पहुंचेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने के बाद यह उनका झारखंड का दूसरा दौरा है।
उनके दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और संगठन में उत्साह है। प्रदेश नेतृत्व की बैठक को इसी दौरे की तैयारियों की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
24 अक्टूबर को होगी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक
नितिन नवीन के झारखंड दौरे के दौरान 24 अक्टूबर को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक प्रस्तावित है। इसमें प्रदेश संगठन से जुड़े विषयों के साथ आगामी कार्यक्रमों और पार्टी की गतिविधियों को लेकर चर्चा होने की संभावना है। प्रदेश पदाधिकारी इस बैठक को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं.



